रावण तैयार किया जा रहा था, धमाके से दहशत
गाजियाबाद (युग करवट)। आज सुबह सवा नौ के आस-पास लाजपतनगर शनि चौक के पास स्थित सामुदायिक केंद्र में विस्फोट के बाद पूरा इलाका दहल गया। यह विस्फोट कितना खतरनाक था कि इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि विस्फोट के बाद जहां सामुदायिक केंद्र की दीवारें धराशाही हो गई वहीं पूरी इमारत को भी नुकसान पहुंचा। इसके बाद मौके पर आग भी लग गई। इतना ही नहीं इस घटना में कई लोग घायल हो गये। जिन्हें रेस्क्यू करके जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां दो घायलों की हालत मरणासन्न बताई जा रही थी। जिन्हें सफदरजंग अस्पताल रैफर कर दिया गया। इस घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस व फायर ब्रिगेड आग बुझाने व रेस्क्यू करने में जुट गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। जो मलबे को हटाकर घटनास्थल पर सर्च कर रही थी। यह जानकारी देते हुए एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सैना ने बताया कि इस घटना में जो लोग घायल हुए हैं उनके नाम अनिल, ऋषभ, महेंद्र उर्फ हरेंद्र, राजू व रजत निवासीगण पिलखुवा हापुड़ हैं। प्राथमिक जांच में यह पाया गया कि रावण का पुतला बनाने का ठेका हापुड़ निवासी अनिल को दिया गया था। आज से ही रावण बनाने का कार्य करना शुरू किया गया था। विस्फोट कैसे हुआ और इस घटना की जानकारी के लिए एसीपी अमित सक्सैना से पूछा गया तो उनका कहना था कि विस्फोट के कारणों का पता तो जांच के बाद ही चल पायेगा लेकिन अभी जहां इमारत को नुकसान पहुंचा है वहीं पांच लोग घायल हुए।