नोएडा (युग करवट)। गौतमबुद्धनगर में स्वाइन फ्लू के मामलों में बढ़ोतरी के बीच जिले में अब तक एच1एन1 के 120 मामले सामने आ चुके हैं। बढ़ते संक्रमण को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। आमजन के लिए एडवाइजरी जारी करने के साथ अस्पतालों को आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी ने बताया कि जिले में 20 बेड का वेंटिलेटरयुक्त आईसीयू तैयार है और परिधि के सभी डॉक्टरों को अलर्ट पर रखा गया है। जिला अस्पताल में भी सर्दी-बुखार के लक्षण वाले मरीजों की संख्या बढ़ रही है। यहां फ्लू के लक्षण वाले मरीजों को प्राथमिक स्तर पर उपचार दिया जा रहा है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार गंभीर लक्षण वाले मरीजों को जांच के लिए चाइल्ड पीजीआई रेफर किया जा रहा है। अस्पताल में 20 बेड का आइसोलेशन बैकअप भी तैयार रखा गया है, जिसे आवश्यकता पडऩे पर बढ़ाया जा सकता है। लोगों को बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक लेने से बचने की सलाह दी गई है।