मुख्यमंत्री पीआरडी कैशलेस चिकित्सा योजना भी शुरू
लखनऊ (युग करवट)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीआरडी के स्वयंसेवकों को बड़ी सौगात दी। योगीराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित पीआरडी स्वयंसेवकों के सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने दैनिक ड्यूटी भत्ता 500 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये करने की घोषणा की। साथ ही पीआरडी जवानों और उनके परिवारों को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा देने वाली ‘मुख्यमंत्री पीआरडी कैशलेस चिकित्सा योजना’ का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने पीआरडी स्वयंसेवकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा कार्ड वितरित किए। इसके अलावा रिमोट का बटन दबाकर लखनऊ में करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बहुमंजिला पीआरडी बैरक का शिलान्यास किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 1948 में पीआरडी के गठन के बाद लंबे समय तक स्वयंसेवकों को बेहद कम दैनिक भत्ता मिलता रहा। वर्ष 2019 तक उन्हें 250 रुपये प्रतिदिन ड्यूटी भत्ता मिलता था। उनकी सरकार ने 2019 में इसे बढ़ाकर 375 रुपये किया। वर्ष 2022 में भत्ता बढ़ाकर 395 रुपये और 2025 में 500 रुपये प्रतिदिन किया गया। अब इसे बढ़ाकर 600 रुपये प्रतिदिन किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीआरडी जवानों के ड्यूटी भत्ते में आठ वर्ष में 250 रुपये से बढक़र 600 रुपये होने जा रहा है। उन्होंने इसे 75 वर्षों की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि बताया। कहा कि सरकार पीआरडी स्वयंसेवकों के कल्याण और उनकी सामाजिक सुरक्षा के लिए लगातार काम कर रही है। नई कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत पीआरडी जवानों को सपरिवार प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक के उपचार की सुविधा मिलेगी।
इससे स्वयंसेवकों और उनके परिवारों को गंभीर बीमारी अथवा महंगे इलाज की स्थिति में आर्थिक राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीआरडी स्वयंसेवक कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका हैं। सरकार उनकी सुविधाओं और सम्मान में लगातार वृद्धि कर रही है।