हथकरघा दिवस समारोह में अखिलेश पर कसा तंज
लखनऊ (युग करवट)। राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर लखनऊ में आयोजित समारोह में बुनकरों को संत कबीर राज्य स्तरीय हथकरघा पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री हैंडलूम एवं पावरलूम उद्योग विकास योजना तथा झलकारी बाई कोरी हथकरघा एवं पावरलूम विकास योजना के लाभार्थियों को चेक भी प्रदान किए गए।
मुख्यमंत्री योगी ने आज राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जब सरकारें प्रदेश के विकास के लिए काम करती हैं तो उसका लाभ समाज के हर तबके को मिलता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोग जीवन भर बच्चे ही बने रहते हैं। बबुआ भी यही करते थे। वो दोपहर 12 बजे सो कर उठते थे। दो बजे तैयार होते थे।
पांच बजते-बजते उनके जिम जाने का समय हो जाता था और शाम 7 बजे महफिल सज जाती थी। देश प्रदेश के बारे में सोचने के लिए उनके पास समय ही कहां होता था। प्रदेश की कानून व्यवस्था का हाल तो ये था कि महिलाओं को सबसे बड़ा खतरा इन्हीं सपाइयों से ही था। सीएम योगी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश की समृद्ध विरासत और हमारे कर्मठ बुनकर साथियों की अप्रतिम प्रतिभाओं को नमन करने का दिन है।