दूसरे पति पर हत्या करने का शक
प्रमुख अपराध संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र अंतर्गत बुद्घ बाजार पूजा कॉलोनी में दस दिन पहले से किराये पर रह रही प्रमिला व उसकी सात साल की पुत्री विद्या के शव सड़ी गली अवस्था में मिले। उक्त वारदात का पता उस समय चला कि जब सरवन के किरायेदार पवन के कमरे से असहनीय दुर्गंध आने लगी। तब लोगों ने उक्त घटना की सूचना पुलिस को दी। डबल मर्डर की सूचना मिलते ही एसएचओ ट्रोनिका सिटी कुलदीप कुमार दीक्षित फील्ड यूनिट के साथ मौके पर पहुंचकर जांच करने में जुट गये। वहीं पुलिस के उच्चाधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। यह जानकारी देते हुए एसीपी लोनी राम किशन ने बताया कि प्राथमिक जांच में जो बात सामने आई है उससे पता चला है कि मृतका प्रमिला की पहली शादी पिन्टू से हुई थी। पिछले सात साल से प्रमिला पत्नी के रूप में पवन के साथ रह रही थी। एसीपी ने बताया कि इस संदर्भ में जब मृतका की भांजी प्रीति पत्नी देवेंद्र से पूछा गया तो उसने बताया कि पवन की भी पहली पत्नी से दो पुत्री ६ वर्षीय लक्ष्मी व ४ साल की मैक्रोनी हैं। एसीपी ने बताया कि महिला व उसकी पुत्री की हत्या किसने और क्यों की और उसका दूसरा पति पवन इस समय कहां है आदि अनुसलुझे सवालों का उत्तर तलाशने के पुलिस हर एंग्लि पर जांच कर रही है। शवों को देखकर ऐसा लग रहा है कि उन दोनों की हत्या अथवा मौत कई दिन पहले हुई होगी।