नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में आए दिन मरीजों की यही शिकायतें रहती हैं कि डॉक्टर यहां मौजूद नहीं रहते। केन्द्र पर कौन डॉक्टर तैनात है या उनसे सम्पर्क करना भी मुश्किल होता है। इन शिकायतों को देखते हुए सीएमओ डॉ.सचिन वैश्य ने सभी सीएचसी प्रभारियों को अपने-अपने केन्द्र में डॉक्टर्स के नाम व मोबाइल नम्बर की सूची चस्पा करने के निर्देश दिए हैं ताकि मरीज आपात स्थिति में उनसे सम्पर्क कर सकें। केन्द्रों पर ग्लो साइन बोर्ड लगाए जाएंगे जिसमें अस्पताल का नाम भी लिखा होगा तो वहीं अस्पताल में तैनात सभी डॉक्टरों के नामों की सूची भी लगाई जाएगी। जिसमें चिकित्सक का नाम, पद और मोबाइल नम्बर अंकित होगा। ताकि मरीज डॉक्टर के न मिलने पर उनसे फोन पर सम्पर्क कर सकें। केन्द्र पर अक्सर दोपहर बाद डॉक्टरों के मौजूद न रहने की शिकायतें मिलती हैं तो वहीं रात के समय स्टाफ भी नहीं मिलता। कई बार निरीक्षण में इसका खुलासा हो चुका है। सीएमओ डॉ.सचिन वैश्य के मुताबिक अब ऐसा नहीं होगा। अगर डॉक्टर केन्द्र पर किसी कारण मौजूद नहीं है तो भी मरीज उनसे सम्पर्क कर सकेंगे। इसको लेकर सभी को निर्देश दिए गए हैं जल्द ही काम पूरा होगा।