नई दिल्ली (युग करवट)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस कार्यालय के बाहर प्रेस वार्ता के दौरान उनके साथ कुछ छात्र भी मौजूद थे। इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों की तीन मांगें हैं और इन पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा- जो हमारे छात्र हैं, जो अनशन पर थे, उनसे मेरी मीटिंग हुई, चर्चा हुई, आंदोलन के बारें में, आरएसएस के बारे में, हिंदुस्तान का जो शिक्षा का सिस्टम है, उस पर कैसे कब्जा किया गया है। मुख्य बात जो हम कहना चाहते हैं कि छात्रों की तीन मांगें हैं, जिन पर कोई समझौता नहीं किया जा सकता है। ये मैं नहीं कह रहा, देश के छात्र कह रहे हैं। पहला- शिक्षा मंत्री, जो भ्रष्ट और अयोग्य हैं और जिनका रवैया गलत है, उन्हें हटाया जाए। केंद्रीय कैबिनेट में इस बात पर चर्चा हो रही है कि धर्मेंद्र प्रधान को शिक्षा मंत्रालय से हटाकर किसी दूसरे मंत्रालय में भेज दिया जाए। भारत के छात्रों को यह मंजूर नहीं है। यह किसी को भी मंजूर नहीं है। धर्मेंद्र प्रधान को हटाना ही होगा। दूसरा- हजारों युवाओं के पैर और सिर लाठीचार्ज में टूट गए हैं और जिनके शरीर में छर्रे लगे हैं। जिन लोगों ने ऐसा किया है- चाहे वे इसे आयोजित करने वाले हों या इसे अंजाम देने वाले; उन्हें सजा मिलनी चाहिए और उन्हें जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।
तीसरा- यह है कि इस पूरे तंत्र के मुखिया, यानी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को, छात्रों और देश के भविष्य के साथ जो कुछ भी हुआ है, उसके लिए माफी मांगनी होगी। राहुल गांधी ने आगे कहा कि, यह वही सिस्टम है जो उन पर (छात्रों और युवाओं पर) हमला कर रहा है। मैंने उनसे अंदर यही बात कही। मैंने कहा, चिंता मत करो। घबराओ मत।