अभिजीत दीपके की तबीयत बिगड़ी
आज फिर होगी बातचीत
नई दिल्ली (युग करवट)। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके की तबीयत खराब हो गई है। आज अभिजीत दीपके ने खुद एक्स पर एक वीडियो जारी कर अपनी सेहत के बारे में जानकारी दी। दीपके ने बताया कि उन्हें टाइफाइड हो गया है, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहे देशव्यापी विरोध प्रदर्शन बिना रुके जारी रहेंगे। वहीं आज फिर जंतर-मंतर पर पत्थरबाजी हुई। एसीपी को चोट आयी है, पुलिस जवानों पर पत्थर फेंके गये जवाब में पुलिस ने लाठीचार्ज किया। वहीं एक बार फिर आज सरकार के साथ बातचीत होगी। चार बजे का समय बताया गया है लेकिन जगह तय नहीं हुई है। वहीं एक्स पर अपने वीडियो संदेश में, अभिजीत दीपके ने कहा कि उनकी बीमारी विरोध प्रदर्शनों को नहीं रोकेगी और उन्होंने चल रहे आंदोलन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। एक्स पर जारी वीडियो में अभिजीत दीपके ने कहा, ‘जैसे कि आप सभी को पता था कि पिछले कुछ दिनों से मेरी तबीयत खराब थी। अब मेरी ब्लड रिपोर्ट आ गई है और मुझे टाइफाइड हुआ है। मेरा इलाज चल रहा है। मैं सभी कॉकरोचों को धन्यवाद करना चाहता हूं जो देशभर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे हैं। इस आंदोलन को इतना सफल बनाने के लिए आप सभी का बहुत बहुत धन्यवाद। मुझे पता है कि अगर हम ऐसे ही शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेंगे तो धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा जरूर होगा।’
इससे पहले शुक्रवार को अभिजीत दीपके ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के 26 दिन की भूख हड़ताल खत्म करने के फैसले के बाद कहा कि पार्टी का आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपने पद से इस्तीफा नहीं दे देते।
पत्रकारों से बात करते हुए, दीपके ने वांगचुक की सेहत को लेकर राहत जताई, लेकिन परीक्षा में गड़बडिय़ों के लिए जवाबदेही की मांग को लेकर आंदोलन के मुख्य मुद्दे पर टिके रहे।
दीपके ने कहा, ‘हमारा विरोध तब तक जारी रहेगा जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं दे देते। हमें बहुत खुशी और राहत है कि सोनम सर ने अपनी भूख हड़ताल खत्म कर दी है, क्योंकि उन्हें 26 दिन से ज़्यादा हो गए थे। उनकी जान इस देश के लिए बहुत कीमती है।’