नई दिल्ली(युग करवट)। मानसून सत्र के बीच संसद भवन परिसर में नीट पेपर लीक के मुद्दे पर जमकर हंगामा देखने को मिल रहा है। इस बीच संसद में किरेन रिजिजू और मल्लिकार्जुन खरगे के बीच तीखी बहस देखने को मिली है।
दरअसल, कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने राज्यसभा में आज प्रधानमंत्री मोदी की टिप्पणियों को भडक़ाऊ बताया और सरकार पर पेपर लीक मामले में जवाबदेही से बचने का आरोप लगाते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की बात की। इसके बाद लोकसभा में केंद्रीय मंत्री किरने रिजिजू ने कहा, हमने कल अपील की थी। मैं आज आपके माध्यम से सदन से फिर से अपील करना चाहता हूं। हमने कांग्रेस पार्टी के नेताओं और अन्य विपक्षी सदस्यों से व्यक्तिगत स्तर पर भी बात की है। हमने उन्हें व्यक्तिगत रूप से मिलने और अपने सुझाव साझा करने के लिए आमंत्रित किया है। विपक्ष की इच्छानुसार चर्चा करने के लिए तैयार किरने रिजिजू ने आगे कहा, हमने लोकसभा अध्यक्ष से भी चर्चा की है कि सरकार इस सदन और राज्यसभा में पेपर लीक पर विपक्ष की इच्छानुसार, किसी भी तारीख को और जितने समय तक चाहे, चर्चा करने के लिए तैयार है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने आज कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी तथा अन्य विपक्षी दलों को नीट परीक्षा सहित छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर संसदीय बहस में भाग लेने की चुनौती दी। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि विपक्ष चर्चा के लिए सहमत होता है तो उसका दोहरापन उजागर हो जाएगा।