गाजियाबाद (युग करवट)। हिन्दू रक्षा दल व प्रजापति समाज के लोगों ने रतिराम कॉलानी निवासी विपिन प्रजापति के हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मात्र हॉर्न बजाने के मामूली विवाद पर आरोपियों ने विपिन की हत्या कर दी। उस पर अंधाधुध गोलियां बरसाई गई। इस घटना को नौ दिन बीत चुके हैं लेकिन मुख्य आरोपी अभी तक पुलिस गिरफ्त से बाहर है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि अपराधी इतने बैखौफ हैं कि हत्या वाले दिन भी पीडि़त परिवार को वंश नाश करने की धमकी भी दी गई। समाज के लोगों ने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि विपिन अपने घर में कमाने वाला एकमात्र सदस्य था, उसके जाने के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ऐसे में पीडि़त परिवार को तत्काल ऑर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए, परिवार के सदस्य को नौकरी व सुरक्षा दी जाए। साथ ही आरोपी को जल्द से जल्द पकडक़र कठोर कार्रवाई की जाए। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस आयुक्त व डीएम के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन करने वालों में रविन्द्र, सुभाष, सुनील कुमार आदि मौजूद रहे।