नोएडा (युग करवट)। फीफा वल्र्ड कप का रोमांच अब नोएडा के स्कूलों और फुटबॉल अकादमियों तक पहुंच गया है। शहर में खिलाडिय़ों और बच्चों के बीच फुटबॉल को लेकर बढ़ते उत्साह को देखते हुए विभिन्न संस्थानों ने वल्र्ड कप थीम पर प्रतियोगिताएं, लाइव स्क्रीनिंग और रचनात्मक गतिविधियां आयोजित कीं। सेक्टर-50 स्थित राइजिंग स्टार फुटबॉल अकादमी के खिलाडिय़ों ने आरआर सिनेमा में फीफा वल्र्ड कप मुकाबले का लाइव प्रसारण देखा। सेक्टर-49 स्थित एसडी विद्या स्कूल में फीफा वल्र्ड कप की तर्ज पर इंटर हाउस फुटबॉल टूर्नामेंट आयोजित किया गया। इसमें ज्योति, सरस्वती, भारती और गीता हाउस की टीमों ने भाग लिया। फाइनल में ज्योति हाउस ने सक्षम के निर्णायक गोल की बदौलत भारती हाउस को 1-0 से हराकर खिताब जीता। सेक्टर-44 स्थित नॉर्दर्न यूनाइटेड फुटबॉल क्लब ने इंटर अकादमी टूर्नामेंट आयोजित किया, जिसमें टीमों को अलग-अलग देशों के नाम दिए गए। वहीं सेक्टर-141 स्थित फूटी फेमीज एकेडमी में पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें बच्चों ने फुटबॉल खिलाडिय़ों के चित्र बनाकर अपनी प्रतिभा दिखाई। फुटबॉल प्रशिक्षक रंजन ठाकुर ने बताया कि फीफा वल्र्ड कप जैसे आयोजन बच्चों को फुटबॉल के प्रति आकर्षित कर रहे हैं। फुटबॉल विशेषज्ञ गौरांग राठी का कहना है कि नियमित प्रतियोगिताओं से नोएडा से भविष्य में राष्ट्र्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार हो सकते हैं।