विधानसभा चुनाव २०२७
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दौरा २०२७ के विधानसभा चुनाव की स्क्रिप्ट जरूर लिख गया। मुख्यमंत्री जिस तरह गाजियाबाद में कई घंटे रूके रहे, रात्रि विश्राम किया, जनप्रतिनिधियों से मिले, सबसे मुलाकात की, मूड भी बहुत अच्छा रहा, पुलिस प्रशासन की वर्किंग की भी सराहना की। लेकिन राजनीतिक तौर पर कई लोग जरूर डिप्रेशन में चले गये हैं। दरअसल, जिस तरह से उन्होंने मुरादनगर के विधायक अजित पाल त्यागी एवं उनके परिवार से अपनेपन का अहसास कराया इससे ये बात साफ है कि अजित पाल त्यागी तीसरी पारी भी खेलेंगे। जो दावेदार हैं वो मुख्यमंत्री के दौरे के बाद काफी उदास नजर आ रहे हैं। अपनी बयानबाजी की बेबाकी के लिए जाने जाने वाले क्षेत्रीय सांसद अतुल गर्ग ने तो मुख्यमंत्री के सामने ही अपने संबोधन में कहा कि अजितपाल त्यागी बहुत चंट हैं और उनका तो चुनाव प्रचार आज से ही शुरू हो गया। इस बात में बहुत दम है। वहीं सांसद अतुल गर्ग ने पूर्व मंत्री राजपाल त्यागी के राजनीतिक सफर पर जो प्रकाश डाला वो भी काफी अहमियत रखता है। अजितपाल त्यागी ने अपनी विधानसभा में एक बड़ा कार्यक्रम तय करके बड़ा संदेश दिया। पूर्व मंत्री राजपाल त्यागी की प्रतिमा का अनावरण करके मुख्यमंत्री ने भी त्यागी समाज में एक बड़ी लकीर खींच दी। दरअसल, त्यागी समाज को मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिलने से थोड़ी नाराजगी थी लेकिन योगी आदित्यनाथ ने जिस तरह कार्यक्रम में राजपाल त्यागी के राजनीतिक जीवन की सराहना की, उन्हें जननायक बताया जो वो वास्तव में थे कहीं ना कहीं समाज की नाराजगी दूर करने का प्रयास किया। इसमें कोई दोराय नहीं राजनीति में राजपाल त्यागी का पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एक बड़ा नाम रहा है और आज उनका परिवार उनकी विरासत को मजबूती के साथ थामें हुए हैं। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में जो नजारे दिखाई दिये वो अपने आप में बड़ा संदेश देने वाले थे। अमूमन प्रतिमाओं का अनावरण होता है लेकिन मुख्यमंत्री ने जिस तरह अनावरण के बाद सभी जनप्रतिनिधियों को बुलाया और उनसे माल्यार्पण कराया और परिवार से मिले निसंदेह मुख्यमंत्री के इस अपनेपन से परिवार तो गद्गद् है लेकिन दावेदार जरूर डिप्रेशन में चले गये। जय हिंद