नोएडा (युग करवट)। सलारपुर गांव में 576.91 लाख रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक बारात घर का शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक पंकज सिंह, भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष अशोक भाटी और नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी मौजूद रहे। इस मौके पर भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने कहा कि सलारपुर गांव में आधुनिक बारात घर का निर्माण कराना भारतीय किसान यूनियन और ग्रामवासियों की वर्षों पुरानी मांग रही है। नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से अब यह मांग पूरी होने जा रही है।
उन्होंने बताया कि आधुनिक बारात घर के निर्माण से गांव की करीब 30 हजार आबादी को लाभ मिलेगा। इसके अलावा क्षेत्र में रहने वाले लाखों प्रवासी लोगों को भी सामाजिक और पारिवारिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। बारात घर बनने से स्थानीय लोगों को शादी-विवाह और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन में सहूलियत मिलेगी।
अशोक भाटी ने गांव की वर्षों पुरानी मांग को पूरा कराने में सहयोग देने के लिए सांसद डॉ. महेश शर्मा, विधायक पंकज सिंह और नोएडा प्राधिकरण का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक बारात घर का निर्माण क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा साबित होगा।