ग्रेटर नोएडा (युग करवट)। नोएडा एयरपोर्ट पर स्थायी नौकरी की मांग का समाधान नहीं हो पाया है। अब युवा मुख्यमंत्री के समक्ष समस्या रखने के लिए लखनऊ कूच की तैयारी कर रहे हैं। जेवर के 335 किसान परिवारों के युवाओं ने एयरपोर्ट पर जमीन के बदले रोजगार का विकल्प चुना था। इन युवाओं को यापल और नायल के ऑफर लेटर मिलने और अन्य प्रकार की सुविधाएं देने के वादे किए गए थे।
आरोप है कि अब वादों के मुताबिक नौकरी नहीं मिल रही। युवा अजीत कुमार और चांद मोहम्मद ने बताया कि उन्होंने यापल और नायल के ऑफर लेटर की मांग की थी, लेकिन अधिकारियों ने इसे नामुमकिन बताते हुए एयरलाइंस में नौकरी का आश्वासन दिया। अब एयरलाइंस के बजाय उसकी वेंडर कंपनियां उन्हें साक्षात्कार के लिए ई-मेल कर रही हैं। कई युवाओं को ऑफर लेटर प्राप्त हो चुके हैं। इसमें कई नियम और शर्तें का पालन जरूरी बताया गया है। साथ ही उन्हें संविदा पर नौकरी दी जा रही है। उन्होंने स्थायी नौकरी की मांग की है। पिछले दिनों ही युवाओं ने समस्या को लेकर जेवर तहसील पर प्रदर्शन किया था। अधिकारियों ने उन्हें दो दिनों का आश्वासन दिया, लेकिन कोई हल नहीं निकल सका। अब युवा लखनऊ कूच की तैयारी कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने नौकरी न देने पर 50 लाख मुआवजे की मांग की है।