गाजियाबाद (युग करवट)। लगातार हो रही बारिश के चलते शहर की बिजली भी गुल हो गई है। बिजली घरों में पानी भर जाने से फीडर बंद करने पड़े तो कई क्षेत्रों में लाइन में खराबी आने से बिजली की सप्लाई बंद करनी पड़ी। अन्य क्षेत्रों में भी बिजली की आंखमिचौली जारी रही। विभाग की तकनीकी टीमें बारिश बंद होने का इंतजार कर रही हैं। बता दें बुधवार से लगातार बारिश हो रही है जो बृहस्पतिवार को भी लगातार जारी रही। बारिश के कारण शहर में जगह-जगह जलभराव हो गया जिससे बिजली घर भी अछूते नहीं रहे। बिजली उपकेन्द्रों में पानी भर जाने से बिजली उपकरण भी बड़े पैमाने पर खराब हो गए हैं। इसकी वजह से कई फीडरों से बिजली सप्लाई ठप हो गई। रात भर से कई इलाकों में बिजली बहाल नहीं हो सकी है। 33केवी सब स्टेशन में भी पानी भरने से विद्युत विभाग शाम छह बजे तक सप्लाई बहाल करने के दावे कर रहा है। गाजियाबाद जोन के मुख्य अभियंता पवन कुमार अग्रवाल ने बताया कि सब स्टेशनों में पानी भर जाने दिक्कतें आ रही हैं हालांकि विभाग का पूरा प्रयास है कि उपभोक्ताओं को कम से कम दिक्कतों का सामना करना पड़े। बारिश से हुए नुकसान के आंकलन के साथ ही राहत कार्य भी किए जा रहे हैं। बारिश तेज होने के कारण लाइनों में काम करने में टीमों को मुश्किलें हो रही हैं। ऐसे में उपभोक्ताओं से सयंम बरतने की अपील की गई है।