रातभर हुई बारिश से बेहाल हुआ दिल्ली-एनसीआर, वाहनों के थमे पहिए, जन जीवन अस्त-व्यस्त
गाजियाबाद (युग करवट)। पूरे उत्तर भारत में आज सुबह से ही भारी बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने राजधानी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यह दिन के अधिकांश समय क्षेत्र में भारी बारिश का संकेत देता है। लगातार बारिश के कारण शहर के कुछ हिस्सों में जलभराव हो गया। इनमें नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और मुनिरका जैसे इलाके शामिल हैं। आईएमडी के अनुसार, 10 जुलाई तक हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में व्यापक बारिश की संभावना है। पूर्वोत्तर उत्तर प्रदेश में 13 जुलाई तक बारिश का एक नया दौर जारी रहने की उम्मीद है। पूर्वी राजस्थान में 9 जुलाई को इसी तरह की गतिविधि देखने को मिल सकती है। इन क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। मथुरा में रात भर हुई भारी बारिश से व्यापक जलभराव हो गया। इससे यातायात और पैदल चलने वालों की आवाजाही काफी बाधित हुई। कई निचले इलाकों में घरों में पानी घुस गया, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।
मानसून की पहली बारिश ने निकाल दिए आंसू
गाजियाबाद (युग करवट)। भारी बारिश ने गाजियाबाद के कई इलाकों में जलभराव के हालात पैदा कर दिए। कई जगह वाहन बंद हो गए तो कहीं दुकानों एवं मकानों में पानी भर गया। जल भराव के कारण हाइवे समेत कई स्थानों पर जाम भी लग गया। कविनगर, राजनगर, गोविंदपुरम, डासना, विजयनगर, प्रताप विहार, घूकना, राजनगर एक्सटेंशन, शहीद नगर, राजेनद्र नगर, इंदिरापुरम आदि अनेक स्थानों पर जलभराव देखने को मिला। एनएच 9, मेरठ दिल्ली एक्सप्रेसवे समेत कई स्थानों पर जाम रहा। कई अंडरपास तो तालाब ही बन गए। लैंडक्राफ्ट मेट्रो होम्स सोसाइटी के ड्रेनेज और रख-रखाव की व्यवस्था की पूरी तरह पोल खोल कर रख दी है। सोसाइटी परिसर और कमर्शियल एरिया टापू में तब्दील हो गए हैं। व्यावसायिक क्षेत्र में स्थिति इतनी बदतर है कि सडक़ों और रास्तों पर घुटनों तक पानी भरा हुआ है। यह दूषित पानी दुकानों के भीतर तक घुस गया है, जिससे दुकानदारों का कीमती सामान, इलेक्ट्रॉनिक्स, फर्नीचर और लाखों रुपये का स्टॉक पूरी तरह बर्बाद हो चुका है। सोसाइटी की बेसमेंट पार्किंग भी जलमग्न हो चुकी है, जिससे निवासियों में अपनी संपत्ति को लेकर गहरा डर बना हुआ है। सोसाइटी निवासी पुष्कर त्यागी, विशाल त्यागी, जीवितेश कुमार, आयुषी त्यागी, श्वेता सक्सेना, गुड्डन चौधरी, वीरेंद्र सिंह, अनुज कुमार, संजीव त्यागी, शिल्पी माहे और अन्य सभी सोसाइटी वासियों ने मेंटेनेंस टीम और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
मकान पर आकाशीय बिजली गिरने से लाखों का सामान क्षतिग्रस्त
मोदीनगर (युग करवट)। खराब मौसम के चलते गोविंदपुरी कॉलोनी में एक मकान पर आकाशीय बिजली गिरने से मकान में रखा लाखों का सामान क्षतिग्रस्त हो गया। गोविंदपुरी कॉलोनी में हारून के मकान पर पर मौसम की खराब के चलते तेज धमाके के साथ आकाश यह बिजली मीटर से होकर छत को चीरते हुए बाहर निकल गई। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य एक ही कमरे में मौजूद थे, जिससे किसी की जान नहीं गई। इस दौरान परिवार की एक लडक़ी बिजली की चपेट में आ गई, उसे तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया।
बारिश से गिरी जिला अस्पताल की गैलरी की छत
गाजियाबाद (युग करवट)। लगातार हो रही बारिश के चलते आज जिला अस्पताल के एक्सरे रूम की गैलरी की छत से प्लास्टर टूट कर गिर गया। भरभरा कर गिरे प्लास्टर के कारण वहां मौजूद मरीजों व स्टाफ में दशहत फैल गई। गनीमत थी कि उस समय कोई मरीज मौजूद नहीं था। लेकिन इस घटना से अस्पताल के अन्य विभागों व वार्ड में भर्ती मरीज दहशत में आ गए। बता दें कि जिला अस्पताल की पुरानी इमारत को जर्जर घोषित किया जा चुका है। अस्पताल की नई इमारत बनाने को यहां से शिफ्टिंग की योजना बनाई जा रही है लेकिन उससे पहले ही यह घटना हो गई। बताया जा रहा है पांच दिन पहले भी सर्जिकल वार्ड के सामने गैलरी की छत का भी प्लास्टर गिरा था जिसमें एक मरीज चपेट में आने से बच गया। शिफ्टिंग को लेकर अस्पताल के सीएमएस डॉ.राकेश कुमार ने डूंडाहेडा अस्पताल का दौरा भी किया था लेकिन उसको लेकर कोई निर्णय नहीं हो सका। लेकिन अब इस घटना के बाद शिफ्टिंग को लेकर जल्द ही निर्णय लिया जाएगा। जल्द ही एक्सरे अरै ऑपरेशन थियटर को दूसरी जगह शिफ्ट करने का काम किया जाएगा। ओपीडी और इमरजेेंसी चलती रहेगी। नई इमारतों में बने हुए भवनों में वार्ड शिफ्ट किए जाएंगे।