नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। दस जुलाई को एक बार फिर भारतीय किसान यूनियन द्वारा महापंचायत का ऐलान किया गया है। इस महापंचायत में भाकियू के राष्टï्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत शामिल होंगे। महापंचायत को लेकर संगठन के कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर प्रचार प्रसार में जुटे हैं। ताकि अधिक से अधिक किसान इस महापंचायत में शामिल हो सके।
भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष चौधरी विजेन्द्र सिंह ने बताया कि दस जुलाई को सुबह 11 बजे से महापंचायत बुलाई गई है। इस महापंचायत में किसानों के मुआवजा, किसानों से हुए समझौते को लागू न करने, व किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर मुद्दे रखे जाएंगे। जिलाध्यक्ष ने बताया कि महापंचायत में भाकियू नेता राकेश टिकैत भी शामिल होंगे। इस महापंचायत में सम्मिलित होने को लेकर गांव-गांव जाकर प्रचार कर किसानों जागरूक किया जा रहा है। सम्भावना है कि सैंकड़ों की संख्या में सिर्फ जिले के ही नहीं बल्कि आसपास के जिले के भी किसान इस पंचायत में शामिल होंगे। बता दें कि 25 मई को भी भाकियू ने राकेश टिकैत की अध्यक्षता में सीबीआई रोड पर महापंचायत की थी, हालांकि यह महापंचायत जिला प्रशासन के आश्वासन के बाद समाप्त हो गई थी। इस महापंचायत में निर्णय लिया गया था कि अगर जल्द ही किसानों के मुद्दे नहीं सुलझाए गए तो किसान फिर से आंदोलन को मजबूर होगा। ऐसे में यह महापंचायत महत्वपूर्ण मानी जा रही है। किसानों के मुद्दों को लेकर आंदोलन को लेकर ऐलान किया जा सकता है। हालांकि महापंचायत में इसका निर्णय होगा। किसानों की महापंचायत को लेकर पुलिस व प्रशासन भी अलर्ट हो गया है।