गाजियाबाद (युग करवट)। श्री राम मंदिर में चंदा चोरी मामले पर विपक्ष के हमले पर उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि बाबरी मस्जिद बनाने के लिए बड़ी संख्या में चंदा एकत्र किया गया था, कोई अखिलेश यादव से पूछे कि वह चंदे की रकम कहां गई, किसके खाते में वह रकम पहुंची है, इसकी जानकारी भी जनता को दें। उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक विकास भवन में केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित प्राकृतिक कृषि कार्यशाला में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। सबसे पहले उन्होंने विकास भवन परिसर में लगी प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभागीय योजनाओं के बारे में जाना। कार्यशाला का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्जवलित कर किया। मंच पर डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़ द्वारा बुके, अंगवस्त्र व प्रतीक चिन्ह देकर उनका स्वागत किया गया। कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि देश की आजादी के बाद सर्वाधिक जनता की सेवा प्रधानमंत्री के रूप में करने का कीर्तिमान हमारे प्रधानमंत्री ने बनाया है। उन्होंने न सिर्फ देश के लिए बल्कि किसानों की प्रगति के रूप में काम किया है। बृजेश पाठक ने किसानों से अपील की है कि फसलों के अधिक उत्पादन के लालच में कीटनाशकों को प्रयोग न करें, क्याोंकि यही अनाज हमारे शरीर में पहुंचकर हमें बीमार बना रहा है। किसान प्राकृतिक खेती करें, जिससे लोग बीमारियों से बचें और आने वाली पीढ़ी को एक स्वस्थ वातावरण हम दे सकें। उपमुख्यमंत्री ने कहा देश के हर गरीब को पक्का घर मिलने तक प्रधानमंत्री आवास योजना चलती रहेगी। बिजली में भी सुधार हुआ है। मेरठ से प्रयागराज जाना आसान हो गया है। देश निरंतर प्रगति कर रहा है। मीडिया से रूबरू हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीराम चंदा चोरी मामले में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। एसआईटी अभी जांच कर रही है, इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी। लेकिन जनता निश्चित रहें, दोषियों को सजा मिलकर रहेगी। सपा प्रमुख के बयानों पर उन्होंने कहा कि पहले सपा प्रमुख खुद को देखें, बाबरी मस्जिद निर्माण के लिए आया चंदा किसके खाते में गया है। पहले उसे देख लें। हमारी कार्रवाई लगातार जारी है। स्वास्थ्य सेवाओं में भी उन्होंने जिले में बेहतर सुझाव का आश्वासन दिया है। कार्यशाला में विधायक संजीव शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता त्यागी, महापौर सुनीता दयाल, मोदीनगर विधायक डॉ.मंजू सिवाच, एमएलसी श्रीचंद शर्मा, लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर,महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, कार्यक्रम संयोजक देवेन्द्र यादव, महामंत्री पंकज भारद्वाज, डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़, सीडीओ कुमार सौरभ, डीडीओ प्रज्ञा श्रीवास्तव, परियोजना निदेशक प्रदीप पाण्डेय आदि मौजूद रहे।
डिप्टी सीएम के भाषण में कई बार खराब हुआ माइक
गाजियाबाद (युग करवट)। विकास भवन में आायोजित कार्यशाला को जब प्रदेश के उपमुख्यमंत्री सम्बोधित कर रहे थे, तो उनका माइक अचानक खराब हो गया। उनके करीब सात मिनट के भाषण में कई बार माइक खराब हुआ। यहां तक की उपमुख्यमंत्री साउंड सिस्टम के पास भी पहुंच गए लेकिन माइक बार-बार खराब होता रहा। इसके कारण वहां मौजूद कार्यक्रम आयोजक भी असहज हो गए।