ग्रेटर नोएडा (युग करवट)। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण की आवासीय भूखंड योजना के तहत भूखंडों के आवंटन के लिए आज इंडिया एक्सपो मार्ट सेंटर में ड्रा प्रक्रिया शुरू की गई। यीडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेंद्र भाटिया ने बताया कि ड्रा प्रक्रिया सुबह 10 बजे से शुरू हुई। उन्होंने कहा कि इसके लिए एक समिति का गठन किया गया है, जिसकी मौजूदगी में निष्पक्ष तरीके से ड्रा कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत सेक्टर-15सी, सेक्टर-18 और सेक्टर-24 में कुल 973 खाली भूखंड उपलब्ध हैं। इन भूखंडों की कीमत 36,260 रुपये प्रति वर्ग मीटर निर्धारित की गई है। योजना में सबसे अधिक 162 वर्गमीटर आकार के 476 भूखंड हैं, जबकि 200 वर्गमीटर आकार के 481 भूखंड शामिल हैं। 162 वर्गमीटर के भूखंड के लिए अन्य श्रेणी के आवेदकों हेतु पंजीकरण शुल्क 5,87,412 रुपये रखा गया है, जबकि अनुसूचित जाति श्रेणी के लिए यह राशि 2,93,706 रुपये निर्धारित की गई है। इसी प्रकार 290 वर्गमीटर के सबसे बड़े भूखंड के लिए अन्य श्रेणी के आवेदकों को 10,51,540 रुपये पंजीकरण शुल्क जमा करना था, जबकि अनुसूचित जाति श्रेणी के लिए यह शुल्क 5,25,770 रुपये निर्धारित किया गया है।