हरिद्वार (युग करवट)। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के महामंत्री एवं श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक महंत हरि गिरि महाराज के पावन मार्गदर्शन एवं अध्यक्षता में संचालित श्री आदि गुरु शंकराचार्य भगवान की पवित्र छड़ी यात्रा का आज माया देवी मंदिर, जूना अखाड़ा, हरिद्वार में विधिवत समापन हो गया। इस अवसर पर हजारों की संख्या में संत-महात्मा व श्रद्धालु मौजूद रहे। सभी ने पवित्र छड़ी की विधिवत रूप से पूजा-अर्चना की। प्राचीन सिद्धपीठ श्री दूधेश्वरनाथ मठ महादेव मंदिर, महंत नारायण गिरि महाराज ने कहा कि पवित्र छड़ी यात्रा ने सनातन धर्म, भारतीय संस्कृति, विरासत व परम्परा को समृद्ध करने के साथ जहां लोगों में भक्ति, आस्था की अलख जगाई, वहीं उत्तराखंड को आर्थिक रूप से मजबूत करने का कार्य भी किया।
पवित्र छड़ी यात्रा ने गुरूवार को आदि कैलाश एवं पर्वत के दिव्य दर्शन किए। श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर हिमालय योगी स्वामी वीरेंद्रानंद गिरि महाराज के नेतृत्व में यात्रा में साधु संतों एवं श्रद्धालुओं ने 14 हजार फीट की ऊँचाई पर स्थित पवित्र आदि कैलाश क्षेत्र एवं पर्वत के दर्शन कर विश्व शांति, राष्ट्र की समृद्धि, सनातन धर्म की उन्नति एवं संपूर्ण मानवता के कल्याण की मगलकामना की। महंत हरि गिरि महाराज ने कहा कि पवित्र छड़ी यात्रा केवल धार्मिक यात्रा नहीं, वरन सनातन धर्म की प्राचीन परंपराओं, हिमालय की आध्यात्मिक चेतना, राष्ट्रीय एकता एवं भारतीय संस्कृति के संरक्षण का महान अभियान है। महंत नारायण गिरि महाराज ने कहा कि देश की सीमाओं पर तैनात हमारे वीर जवान भारत माता के सच्चे सपूत हैं।