नोएडा (युगकरवट)। पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने बुधवार की देर रात ऑनलाइन गूगल मीटिंग की, जिसमें चौकी प्रभारी, थाना प्रभारी से लेकर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। इस मीटिंग के दौरान पुलिस आयुक्त ने लापरवाह पुलिसकर्मियों पर कड़ा प्रहार करते हुए दर्जन भर चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया है। पुलिस आयुक्त ने आरजीएस के निपटारे में लापरवाही बरतने पर सबसे ज्यादा चौकी और थाना प्रभारी को फटकार लगाई। कई थाना प्रभारी को उन्होंने धमकाते हुए उनकी विजिलेंस जांच करवाने तक की बात कही। पुलिस आयुक्त के इस कड़े रूख से पुलिस विभाग में हडक़ंप मचा हुआ है। चर्चा है कि जल्दी कुछ थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी और हटाए जा सकते हैं। पुलिस विभाग के एक अधिकारी के अनुसार कई चौकी प्रभारी थाना प्रभारियों की बात नहीं सुन रहे थे। वे लोग सीधे डीसीपी से संपर्क बनाए हुए थे। बताया जाता है कि चौकी प्रभारी से अगर थाना प्रभारी कोई काम बताते हैं तो वे डीसीपी के यहां जाकर थाना प्रभारी की शिकायत कर ,थाना प्रभारी को अनदेखा कर उनकी जांच खुलवा देते हैं। सूत्र बता रहे हैं कि इस तरह की कई शिकायतें पुलिस आयुक्त तक पहुंच रही थी।
जिसका परिणाम हुआ कि पुलिस आयुक्त ने खुद चौकी प्रभारी को गूगल मीट पर ऑनलाइन ले लिया तथा लापरवाह चौकी प्रभारियों को निलंबित कर दिया।