प्रदेश कार्य समिति कार्यकर्ताओं को कहा मालिक
सरकार बनने पर यूपी में लागू करेेंगे समान नागरिक संहिता
लखनऊ (युग करवट)। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। लखनऊ में आयोजित उत्तर प्रदेश बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति की बड़ी बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्य वक्ता के रूप में मोर्चा संभाला और पार्टी कार्यकर्ताओं में नए उत्साह का संचार किया। अमित शाह ने अपने संबोधन की शुरुआत कार्यकर्ताओं का सम्मान करते हुए की। उन्होंने बीजेपी के सभी कार्यकर्ताओं को मालिक कहकर संबोधित किया और कहा, भाजपा के मालिक देवतुल्य कार्यकर्ताओं को मेरा राम-राम। शाह ने कहा कि बीजेपी की असली ताकत उसका बूथ स्तर का कार्यकर्ता ही है, जिसके दम पर पार्टी ने देश और प्रदेश में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। सीएम योगी की तारीफ करते हुए अमित शाह ने कहा, 2019 में योगी जी को मुख्यमंत्री बनाया। माफियाओं ने उसके पहले उत्तर प्रदेश को जकड़ कर रखा था। मैं योगी जी को बधाई देना चाहता हूं कि उन्होंने कठोर शासन देकर यूपी को माफियाओं से मुक्त किया। मित्रों यहां तुष्टिकरण चलता था, साढ़े पांच सौ साल से राम मंदिर नहीं बन पाया था, मोदी जी आए तो राम मंदिर की बना। सपा पर तीखा हमला बोलते हुए अमित शाह ने कहा कि आज वही दिन है जब मुलायम सिंह यादव की सरकार के दौरान रामभक्तों और कारसेवकों पर अंधाधुंध गोलियां चलाई गई थीं। उन्होंने कहा कि उस समय पूरा सरयू नदी का जल रामभक्तों के लहू से लाल हो गया था। सपा अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा, अखिलेश बाबू, आप किस मुंह से राज्य में सरकार बनाने की बात करते हैं? उत्तर प्रदेश में बीजेपी सरकार अंगद का पैर है, जिसे कोई नहीं हटा सकता. अमित शाह ने कहा कि यूपी में हम फिर से सरकार बनायेंगे। 2017 के चुनावों का जिक्र करते हुए कहा, मैं आज आप कार्यकर्ताओं को याद करने आया हूं यह आप ही लोग हो जिन्होंने रिकॉर्ड सीटें उत्तर प्रदेश में जिताई थी। 40 फीसदी वोट लेकर 312 सीटें दिलाई थी।
2,850 दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में बना चुनावी प्लान
लखनऊ में आयोजित इस मेगा बैठक में संगठन और सरकार के करीब 2,850 प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। बैठक में उत्तर प्रदेश से केंद्र में शामिल मंत्री, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री, सभी सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष और मोर्चों के पदाधिकारी मौजूद हैं।