नोएडा (युग करवट)। उत्तर प्रदेश के व्यापारियों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान को लेकर उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल ने अपनी सक्रियता तेज कर दी है। संगठन के प्रदेश प्रभारी एवं कानपुर अध्यक्ष कपिल सबरवाल ने नोएडा के सेक्टर-115 स्थित प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन से मुलाकात कर व्यापारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में कानपुर समेत प्रदेशभर के व्यापारियों के समक्ष आ रही व्यावहारिक और प्रशासनिक समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। कपिल सबरवाल ने प्रदेश अध्यक्ष को व्यापारियों की वर्तमान स्थिति से अवगत कराते हुए बताया कि जीएसटी विभाग की जटिल प्रक्रियाओं और अधिकारियों के कथित उत्पीडऩ के कारण व्यापारी वर्ग गंभीर परेशानियों का सामना कर रहा है।
बैठक के दौरान उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन के नेतृत्व की सराहना करते हुए इसे संगठन के लिए गोल्डन मोमेंट बताया और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में व्यापारियों की आवाज सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचेगी। प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि संगठन किसी भी स्तर पर व्यापारियों के उत्पीडऩ को बर्दाश्त नहीं करेगा।