गाजियाबाद (युग करवट)। गाजियाबाद के प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने आज मीडिया संवाद कार्यक्रम किया। इस कार्यक्रम में उन्होंने केंद्र सरकार की १२ वर्षों की उपलब्धियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बीते १२ वर्षों में भारत दुनियाभर मेंं सबसे मजबूत अर्थव्यवस्था बनकर उभरा है। सुरक्षा के मामले में भारत आत्मनिर्भर बन चुका है। पहले एयर स्ट्राइक और फिर ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से दुनिया ने नये भारत की ताकत को महसूस किया है। उन्होंने कहा कि यूपी में कानून व्यवस्था में बेहतर सुधार हुआ है। बाबा के बुलडोजर के भय से अपराधी अपराध करने से तौबा कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भारत में पहले हुजूर का बेटा ही हुजूर होता था। अब स्थिति इतनी बदल गई हैं कि मजदूर का बेटा भी हुजूर बन जाता है। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद में बिजली व्यवस्था का बेहतर बनाने के निर्देश दिये गये हैं। हिंडन नदी को स्वच्छ करने के लिए अलग से योजना चलाने की बात भी उन्होंने कही। यूपी में अधिकारी मंत्रियोंं की बात नहीं सुन रहे हैं, इस संबंध में पूछे गये सवाल का जवाब प्रभारी मंत्री ने नहीं दिया।
मीडिया संवाद कार्यक्रम में जिलाधिकारी रविंद्र मांदड़, डीसीपी सिटी धवल जायसवाल, सीडीओ कुमार सौरभ, विधायक संजीव शर्मा, नंदकिशोर गुर्जर, मंजू सिवाच, एमएलसी दिनेश गोयल, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता त्यागी, भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल आदि मौजूद रहे।