नोएडा (युग करवट)। पुलिस उपायुक्त सेंट्रल जोन शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बीती रात को थाना ईकोटेक -तीन क्षेत्र के वैदपुरा गांव में दीपक नागर नामक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस घटना और षडयंत्र में शामिल चार लोगों आकाश मुलगी उर्फ पवन नवीन और अभय को को गिरफ्तार किया था। उन्होंने बताया कि दीपक की हत्या के मुख्य आरोपी जगत एवं हर्ष उर्फ राजेश अपने एक सहयोगी और घटना के मुख्य अभियुक्त प्रीत का इंतजार कर रहे हैं। पुलिस ने उनको घेरा। उन्होंने बताया कि बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली जगत और हर्ष को लगी है। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उन्होंने बताया कि अन्य बदमाशों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। पुलिस को जांच में पता चला है कि इस घटना के मुख्य आरोपी दो भाई हर्ष और प्रीत के पिता की वर्ष 2011 में हत्या कर दी गई थी।

उस मामले में मृतक दीपक नागर के पिता भी आरोपी थे। इसमें दीपक नागर के पिता बरी हो गए थे, जबकि एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, और एक व्यक्ति को आजीवन कारावास हुई थी। इस बात से हर्ष और प्रीत दीपक नागर के परिवार से बदला लेना चाह रहे थे।
वही दीपक नगर की हत्या की घटना के बाद आज उसके परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद उसके शव को सडक़ पर रखकर जाम लगाया। इस मौके पर भारी पुलिस बल पहुंचा। परिजनों ने आरोपियों के एनकाउंटर और उनके घर पर बुलडोजर कार्रवाई करने की मांग की। काफी समझाने बुझाने के बाद परिजन अंतिम संस्कार करने के लिए राजी हुए।