गाजियाबाद (युग करवट)। कन्फेडरेशन ऑफ आरडब्ल्यूए की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में चीन की तर्ज पर आरडब्ल्यूए प्रबंधन व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई गई। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी ने कहा कि चीन में स्ट्रीट ऑफिस प्रणाली के माध्यम से स्थानीय स्तर पर आरडब्ल्यूए और रेजिडेंट कमेटियों का संचालन किया जाता है, जिससे क्षेत्रीय समस्याओं का समाधान तेजी से होता है और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता बनी रहती है। उन्होंने बताया कि चीन में रेजिडेंट कमेटियां स्थानीय स्तर पर नागरिक सुविधाओं, सुरक्षा, सामाजिक विवादों और सामुदायिक कार्यों का संचालन करती हैं। स्ट्रीट ऑफिस इन कमेटियों को प्रशासनिक सहयोग, दिशा-निर्देश और संसाधन उपलब्ध कराते हैं। इसी मॉडल को भारत में लागू कर आरडब्ल्यूए को अधिक अधिकार और संसाधन दिए जाने की आवश्यकता है। मुख्य सलाहकार डॉ. आरके आर्य ने कहा कि आरडब्ल्यूए स्थानीय स्तर पर नागरिकों और प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का काम करती हैं। यदि इन्हें कानूनी अधिकार और वित्तीय सहयोग मिले तो शहरों में बेहतर प्रबंधन, स्वच्छता, सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं को और मजबूत किया जा सकता है। ज्ञान सिंह ने कहा कि आरडब्ल्यूए स्तर पर भ्रष्टाचार की संभावना बेहद कम होती है, क्योंकि इसमें क्षेत्र के जिम्मेदार और जागरूक लोग शामिल होते हैं। उन्होंने कहा कि आरडब्ल्यूए व्यवस्था को मजबूत करने से स्थानीय समस्याओं का समाधान अधिक प्रभावी तरीके से किया जा सकेगा।