नई दिल्ली (युग करवट)। अमृतसर में खासा कैंप के पास स्थित आर्मी कैंप के बाहर मंगलवार देर रात जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों से बाहर निकल आए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और आर्मी की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं और पूरे इलाके को घेरकर सुरक्षा कड़ी कर दी गई। साथ ही फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉयड को भी जांच के लिए बुलाया गया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि धमाके से आर्मी कैंप की बाहरी दीवार पर लगी टीन की चादरों को नुकसान पहुंचा है। फिलहाल किसी के घायल होने या जानमाल के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है।