नोएडा (युग करवट)। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पहली उड़ान नवी मुंबई के लिए हो सकती है। दोनों औद्योगिक शहरों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर करने के उद्देश्य से ऐसा किया जाना है। इसके लिए तैयारियां भी नोएडा एयरपोर्ट ने जहां शुरू कर दी है। वहीं लांच कैरियर तय हुई इंडिगो एयरलाइंस इसके लिए 10 मई से टिकट बुकिंग भी शुरू कर सकती है। एयरपोर्ट संचालन से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि शुरुआती बातचीत में नवी मुंबई को शीर्ष प्राथमिकता पर रखा गया है। इसके अलावा बंगलुरू के लिए भी फ्लाइट यहां से शुरू करने की तैयारी है। खुद इंडिगो की योजना है कि मुंबई के अलावा बंगलुरू, हैदराबाद, चेन्नई, अहमदाबाद, गोवा, जयपुर, लखनऊ व कोलकाता को नोएडा एयरपोर्ट से जोड़ा जाए। अकासा एयर, एयर इंडिया एक्सप्रेस भी इसी तरह कनेक्टिंग शहरों के लिए उड़ान की योजना पर काम कर रही हैं।