प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की हमले की निंदा
नई दिल्ली (युग करवट)। ईरान की ओर से संयुक्त अरब अमीरात के फुजैराह तेल औद्योगिक क्षेत्र पर हमला किया गया। इस हमले तीन भारतीय नागरिक घायल हुए हैं। प्रधानमत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्रालय ने इन हमलों की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इन हमलों को अस्वीकार्य बताया। यह हमला ऐसे समय में हुआ है, जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव पहले से ही बढ़ा हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, हम संयुक्त अरब अमीरात पर हुए हमलों की कड़ी निंदा करते हैं, जिनमें तीन भारतीय नागरिक घायल हुए हैं। नागरिकों और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना अस्वीकार्य है। भारत संयुक्त अरब अमीरात के साथ पूरी तरह एकजुट है और संवाद एवं कूटनीति के माध्यम से सभी मुद्दों के शांतिपूर्ण समाधान के लिए अपना समर्थन दोहराता है। प्रधानमंत्री ने कहा, होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करना क्षेत्रीय शांति, स्थिरता और वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। यूएई के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने कई मिसाइलों और ड्रोन को रोका। लेकिन फुजैराह में एक ड्रोन हमले से तेल सुविधा में आग लग गई। इसमें वहां काम कर रहे तीन भारतीय घायल हो गए।
इस बीच, ब्रिटिश सेना ने भी समुद्र में दो जहाजों में आग लगने की जानकारी दी है। ईरान ने इस हमले की जिम्मेदारी सीधे नहीं ली। लेकिन उसके विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने कहा कि अमेरिका और यूएई को स्थिति बिगाडऩे से बचना चाहिए। ईरान के एक सैन्य अधिकारी ने भी कहा कि उनका यूएई या किसी तेल ठिकाने पर हमला करने का कोई प्लान नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब अमेरिका की सैन्य नीतियों की वजह से तनाव बढ़ रहा है।