घरेलू गैस संकट
नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। खाड़ी देश में युद्घ का प्रभाव अभी तक घरेलू गैस सिलेण्डरों पर बरकरार है। लोगों को गैस सिलेण्डर के लिए यहां से वहां भटकना पड़ रहा है। एक ओर जहां सप्लाई सामान्य होने की बात कहीं जा रही हैं, वहीं दूसरी ओर एजेंसियों पर दस-दस दिन तक भी गैस की गाडिय़ां नहीं पहुंच पा रही हैं जिसकी वजह से उपभोक्ताओं को सिलेण्डर के लिए लम्बा इंतजार करना पड़ रहा है। इसके अलावा उपभोक्ताओं की समस्या सिर्फ गैस सिलेण्डर की आपूर्ति ही नहीं बल्कि बुकिंग को लेकर भी बढ़ती जा रही है। शुरूआत में गैस बुकिंग ही नहीं हो पा रही थी, दस दिन स्थिति सामान्य हुई और ओटीपी नम्बर भी जारी होने लगा, लेकिन यह व्यवस्था कुछ दिन ही रही। अब गैस बुकिंग करने पर उपभोक्ताओं को ओटीपी के लिए दस से 20 दिन का इंतजार करना पड़ रहा है। ओटीपी आने के बाद गैस मिल जाए इसकी कोई गारंटी नहीं है। किसी उपभोक्ता को सप्ताह भर में, किसी को दस दिन तो किसी को 15 दिन तक का इंतजार करना पड रहा है। ऐसे में जिन उपभोक्ताओं की गैस समाप्त हो रही है वह एजेंसी के चक्कर काटने को मजबूर हैं, लेकिन एजेंसी पर एक ही रटारटाया जवाब मिलता है पीछे से गैस नहीं आ रही और बिना बुकिंग नम्बर के गैस उपलब्ध नहीं होगी। यह स्थिति कोई एक एजेंसी की नहीं है बल्कि अधिकतर एजेंसियों का यही हाल है। सम्बंधित विभाग सप्लाई सामान्य की बात कहकर पल्ला झाड़ लेते हैं और एजेंसी संचालक गैस नहीं है कहकर पीछे हट रहे हैं। इन हालातों में उपभोक्ताओं को खाना बनाना भी मुहाल हो रहा है। लेकिन कोई जिम्मेदार इसका निस्तारण करने को तैयार नहीं है, नाहीं स्पष्टïता जारी की जा रही है कि कब तक स्थिति सामान्य होगी।