दिसंबर तैयार करने का जीडीए का लक्ष्य
नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। जीडीए ने शहर के प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण की योजना बनाई है। इसी कड़ी में डीपीएस चौराहे से लीलावती चौक तक रोड के सौंदर्यीकरण कार्य का शुभारंभ पूर्व में हो चुका है। अब जीडीए अगली कड़ी में सेठ मुकंदलाल चौराहे और हापुड तिराहे का सौंदर्यीकरण कराने जा रहा है। इसके लिए जीडीए वीसी के द्वारा बजट निर्धारित कर दिया गया है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू होंगी और दिसंबर तक इनके पूरे होने का लक्ष्य रखा गया है।
सेठ मुकंदलाल चौराहे के लिए तीन करोड़ 95 लाख और हापुड तिराहे के लिए 4 करोड़ 55 लाख रुपए का बजट निर्धारित किया गया है। इस कार्य में इन चौराहों को जाम फ्री बनाए जाने पर काम होगा , जिन वजहों से यहां जाम लगता है, उसे दूर किया जाएगा। इसके अलावा चौराहे को ग्रीन लैंड की थीम पर भी विकसित किया जाएगा। सेठ मुकंदलाल चौराहे पर वर्तमान में रेड लाइट है जिसकी वजह से यहां हमेशा वाहनों की लम्बी कतारें लग जाती हैं। पीक ऑवर्स में वाहनों की लाइन फ्लाईओवर तक लगी रहती है। तो वहीं कई बार स्थिति इतनी भीषण हो जाती है कि लम्बा जाम तक लग जाता है। शहर का मुख्य मार्ग होने के कारण हमेशा यहां वाहनों की आवाजाही लगी रहती है। जीडीए अब इस चौराहे का सौंदर्यीकरण करा इसे सिग्नल फ्री करने की योजना पर काम रहा है। सिग्नल फ्री होने से यहां वाहन बिना किसी रेड लाइट के आवागमन कर सकेंगे। वहीं हापुड तिराहा का सुदृढ़ीकरण व सौंदर्यीकरण कार्य किया जाएगा। यहां रोड को ठीक किया जाएगा ताकि वाहनों का आवागमन बेहतर हो सके। पहले चरण में जीडीए ने आठ चौराहों को चिन्हित किया है जिसमें से तीन पर काम शुरू हो गया है। बाकी के चौराहों को लेकर जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी।