गाजियाबाद (युग करवट)। केजीएम सोसायटी में पांच साल से अपने फ्लैट का पजेशन लेने के लिए भटक रहे बुजुर्ग दम्पत्ति को जीडीए वीसी की पहल पर महज 24 घंटे में ही पजेशन मिल गया। बता दें कि दो दिन पूर्व केजीएम सोसायटी से एक बुजुर्ग दम्पत्ति जनसुनवाई के दौरान जीडीए वीसी नंदकिशोर कलाल से मिलने पहुंचे। दम्पत्ति ने बताया कि वर्ष 2021 से वह अपने फ्लैट के पजेशन के लिए भटक रहे हैं। इस मामले को लेकर वह कोर्ट तक गए और फैसला उनके हक में भी आया। बावजूद इसके बिल्डर उन्हें पजेशन नहीं दे रहा है। जीडीए वीसी ने तत्काल इस मामले में सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए और पजेशन की प्रक्रिया शुरू कराई। जीडीए वीसी के इस प्रयास से दम्पत्ति को शिकायत दर्ज कराने के महज 24 घंटे बाद ही पजेशन मिल गया और उनकी समस्या का निस्तारण हो गया। बुजुर्ग दम्पत्ति ने इसके लिए जीडीए वीसी का आभार जताया है।