गाजियाबाद (युग करवट)। डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़ ने बुधवार को गोविंदपुरम स्थित अनाज मंडी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अनाज मंडी में किसानों के रूकने की व्यवस्था का जायजा लिया जिसमें दूरदराज से आने वाले किसानों के लिए ठहरने की व्यवस्था साफ-सुथरी है या नहीं इसका अवलोकन किया। इसके बाद मंडी परिसर में यातायात, पार्किंग व्यवस्था को देखते हुए जाम से बचाव के निर्देश जारी किए। डीएम ने तौल कांटों की जांच कराई व अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों के साथ किसी भी प्रकार की घड़तौली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। तौल प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी और निष्पक्ष होनी चाहिए। डीएम ने किसानों के खानपान का निरीक्षण करते हुए उन्हें उचित दरों पर भोजन उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। डीएम ने इस दौरान मंडी के अभिलेखों, मेंटेनेंस रजिस्टर, खाताबही, गेट रजिस्टर का भी अवलोकन किया।
डीएम ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि गोदामों में रखे गए अनाज की गुणवत्ता, रखरखाव बेहतर होना चाहिए। गोदामों में उचित वेंटिलेशन की व्यवस्था होनी चाहिए, जिससे खाद्यान्न खराब न हो।