पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर दिखा वायुसेना का महा पराक्रम
लखनऊ (युग करवट)। भारतीय वायुसेना ने बुधवार को सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के अखलीकिरी करवत गांव के पास स्थित 3.2 किलोमीटर लंबी एयरस्ट्रिप पर बड़ा युद्धाभ्यास किया। इस एयर शो में सुखोई-30 एमकेआई, जगुआर, मिराज-2000 और तेजस जैसे फाइटर जेट्स के साथ सी-295 और एएन-32 जैसे परिवहन विमानों ने हिस्सा लिया। वायुसेना ने आपातकालीन स्थितियों में हाईवे को रनवे के रूप में इस्तेमाल करने की अपनी क्षमता को परखा।
सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने एक्सप्रेस-वे का 12 किलोमीटर का हिस्सा सील कर दिया गया और ट्रैफिक को 1 मई तक के लिए डायवर्ट किया गया। एक्सप्रेस-वे की एयरस्ट्रिप पर युद्धाभ्यास का शेड्यूल काफी सख्त रखा गया है। दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक विमानों के करतब दिखाई देंगे। शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक भी युद्धाभ्यास जारी रहेगा। सुखोई-30 और मिराज जैसे विमानों ने टच एंड गो ड्रिल के जरिए अपनी युद्धक क्षमताओं का प्रदर्शन किया। एमआई-17 वी5 हेलीकॉप्टर के जरिए स्पेशल फोर्सेस को स्लिदरिंग तकनीक से उतारने का अभ्यास भी किया जा रहा है. 320 एमएम मोटी इस विशेष एयरस्ट्रिप को भारी लड़ाकू विमानों के वजन को सहने के लिए ही बनाया गया है। यह हाईवे एयरस्ट्रिप युद्ध के समय सेना के लिए बैकअप रनवे का काम करती है। अगर दुश्मन देश मुख्य एयरबेस को निशाना बनाता है, तो वायुसेना इन्हीं हाईवे स्ट्रिप्स से अपनी उड़ानें जारी रख सकती है।