नोएडा (युग करवट)। सेक्टर-63 के छिजारसी स्थित डूब क्षेत्र में बिजली कनेक्शन काटे जाने के बाद बढ़ते विरोध को लेकर एलआईयू की रिपोर्ट ने पुलिस और प्रशासन को अलर्ट कर दिया है। रिपोर्ट में सामने आया है कि प्रभावित लोग बड़ी संख्या में एकजुट हो रहे हैं। एक हजार से अधिक निवासियों को जोडक़र एक ग्रुप तैयार किया गया है, जिसमें आगे की रणनीति और प्रदर्शन को लेकर बातचीत हो रही है। रिपोर्ट में सामने आया है कि अगर इन लोगों का मुद्दा नहीं सुलझाया गया तो यह बड़ी संख्या में रोड पर उतर सकते हैं। पहले भी पुलिस थाना, विधायक आवास और सडक़ जाम करने की कोशिश भी कर चुके हैं। सूत्रों के अनुसार दोबारा प्रदर्शन की तैयारी और लोगों को एकजुट करने की जानकारी पुलिस तक पहुंची है। पुलिस की नजर उन लोगों पर भी है, है, जो बड़ी संख्या में निवासियों को एकजुट कर रहे हैं। अधिकारियों की कोशिश है कि बातचीत के जरिए स्थिति को नियंत्रित रखा जाए और विरोध प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था की समस्या पैदा होने से पहले सब ठीक कर लिया जाए। इस मुद्दे को उठाने में तीन से चार लोग अहम भूमिका निभा रहे हैं। निवासियों के लिए बिजली कनेक्शन दिलवाने के लिए विपक्षी पार्टी के नेताओं से मिलने लगे हैं। मुख्यमंत्री से शिकायत के बाद सेक्टर-63 डूब क्षेत्र में अवैध बिजली कनेक्शनों के खिलाफ कार्रवाई के बाद बड़ी संख्या में लोगों की बिजली काटी गई थी। इसके बाद से प्रभावित लोग बिजली आपूर्ति और वैध कनेक्शन की मांग कर रहे है। इसी मुद्दे को लेकर लोगों में नाराजगी है। इस बीच 6 सितंबर को महापंचायत किए जाने की भी चर्चा है, जिस पर पुलिस और प्रशासन नजर बनाए हुए है।