शामली (युग करवट)। शामली में गायक अंकित बालियान हत्याकांड के बाद सोशल मीडिया पर एक लाख रुपये के इनामी शार्प शूटर सत्यम के नाम से बनाए गए इंस्टाग्राम अकाउंट कैडी 4 सत्यम पर फिर से धमकी भरी पोस्ट डाली गई है। इसमें लिखा है कि जिस दिन हमारा माथा चटकेगा, उस दिन जिंदगी हल जाएगी’।
पोस्ट में घर के बाहर 400 गोलियां चलाने की धमकी दी गई है। पोस्ट में आगे लिखा गया कि आमने-सामने मिलेंगे, जब मिलना हो बता देना। डरते नहीं हैं किसी से। इसके अलावा पोस्ट में सत्यम के नाम से लिखा गया है कि अखबार ने उसे गुंडा कहा है, लेकिन वह गुंडा नहीं है। पोस्ट में मन्या सुर्वे का भी जिक्र किया गया है। एक अन्य पोस्ट में लिखा गया- हम तो कबूल कर रहे हैं, टेंशन ना लो। एसपी ने बताया कि पोस्ट की जांच की जा रही है।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि करनाल के शार्प शूटरों ने सिम खरीदने के लिए करीब तीन घंटे के लिए स्नैपचैट आईडी बनाई थी। इसके बाद आईडी को डिलीट कर दिया गया था। पुलिस अब सोशल मीडिया पर सत्यम समेत अन्य नामों से डाली जा रही पोस्ट की भी जांच कर रही है कि इन्हें वास्तव में संबंधित लोगों ने डाला है या किसी और ने उनके नाम का इस्तेमाल किया है। अंकित हत्याकांड के बाद सोशल मीडिया पर गोगी गैंग के नाम से वायरल हुई पोस्ट के बारे में सवाल किए जाने पर मासूम शर्मा ने कहा कि उन्होंने ऐसी कोई पोस्ट नहीं की है। उन्होंने वायरल पोस्ट से अपना संबंध होने से साफ इन्कार किया। हरियाणवी गीतों में बढ़ते गन कल्चर और इस तरह के गानों को लेकर पूछे गए सवाल पर मासूम शर्मा ने कोई जवाब नहीं दिया और बात टाल दी।
एसपी के अनुसार, गोगी गिरोह के करनाल जेल में बंद राकेश उर्फ पंपू और दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद सोनीपत निवासी रोहित को रिमांड पर लेने के लिए सोमवार को कोर्ट में अर्जी दाखिल की जाएगी। दोनों से पूछताछ में हत्याकांड से जुड़े कई अहम खुलासे होने की संभावना है। सत्यम कादयान और आर्यन संधू बिहार के पूर्णिया के धमदाहा और नीरपुर गांव में भी रहे थे। यहां एक युवती ने उनकी मदद की थी, जो पढ़ाई करती है। पुलिस का कहना है कि युवती के परिजनों से पूछताछ की जा रही है। युवती से भी पूछताछ की गई है। बताया गया कि युवती की दोस्ती सत्यम से इंस्टाग्राम पर हुई थी। इसके बाद दोनों वहां से चले गए थे। आरोपियों की तलाश में पुलिस ने पटना पुलिस से भी सहयोग मांगा है। पुलिस के अनुसार, अंकित हत्याकांड से पहले रेकी करने वाले दो और शामली के लोग पुलिस के रडार पर हैं। पुलिस अब तक छह लोगों से पूछताछ कर चुकी है। इनसे मिली जानकारी के आधार पर पुलिस हत्याकांड की कडिय़ां जोडऩे में जुटी है।