लखनऊ (युग करवट)। सहारनपुर की कलक्ट्रेट में बनी मस्जिद को बुलडोजर से ध्वस्त करने के प्रकरण पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी है। बिना किसी मामले की ओर इशारा करे, उन्होंने योगी आदित्यनाथ सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाया है। अखिलेश यादव ने लिखा, सौहार्द बनाए रखना सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी होती है और उपलब्धि भी। सहारनपुर के कांग्रेसी सांसद इमरान मसूद ने इसे संविधान पर हथौड़ा चलना बताया है। उन्होंने कहा कि मस्जिद तोड़ी नहीं, शहीद की गई है। अयोध्या के सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कैराना कि सपा सांसद इकरा हसन को हाउस अरेस्ट किए जाने का विरोध करते हुए इसे संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन ठहराया है और भाजपा पर लोकतांत्रिक अधिकारियों को कुचलना का आरोप लगाया है। इस घटनाक्रम पर बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, सहारनपुर की मस्जिद सहित पूरे उत्तर प्रदेश में आए दिन मस्जिदों को काफी आपाधापी में अवैध बताकर उनको ध्वस्त करने का जो सरकारी अभियान चल रहा है वह ठीक नहीं है तथा सरकार को ऐसे निगेटिव हालात से बचने के लिये इस पर तुरन्त रोक लगाकर इसके समाधान के अन्य उपाय जरूर करने चाहिये।