गाजियाबाद (युग करवट)। नगर निगम में नामित पार्षद बनाए जाने पर मधुकर त्यागी के सम्मान में राजनगर एक्सटेंशन स्थित गोल्डन व्यू रिसोर्ट में अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि मधुकर त्यागी जैसे कर्मठ और समर्पित व्यक्तित्व के नगर निगम में आने से कार्यकुशलता को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि मधुकर त्यागी जनता की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे। शहर विधायक संजीव शर्मा ने मधुकर त्यागी को शुभकामनाएं देते हुए उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि महानगर अध्यक्ष के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान जब भी पार्टी का कोई दायित्व मधुकर त्यागी को सौंपा गया, वे हर समय यहां तक कि आधी रात को भी तत्परता से उसे पूरा करने के लिए तैयार रहे। पूर्व एमएलसी प्रशांत गुर्जर ने कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से मधुकर त्यागी के परिवार को लंबे समय से जानते हैं। उनका परिवार शुरू से ही सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहा है। कार्यक्रम के अंत में पार्षद मधुकर त्यागी ने सभी अतिथियों, समर्थकों और उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।