गाजियाबाद (युग करवट)। आज से श्रावण माह का शुभारंभ हो गया है। सावन के पहले दिन भक्तों ने शहर के ऐतिहासिक दूधेश्वरनाथ मंदिर सहित अन्य शिवमंदिर में जाकर जलाभिषेक किया। सुबह से ही मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा। मंदिर के पीठाधीश्वर, जूना अखाड़ा के अंतर्राष्टï्रीय प्रवक्ता नारायण गिरी महाराज का अभिषेक कर पूजन किया। देवी मंदिर द्वारका पुरी के महंत गिरिशानंद गिरी महाराज ने सुबह साढ़े तीन बजे भगवान दूधेश्वर का पूजन किया। इसके उपरांत भक्तों के लिए मंदिर के कपाट खोले गए। भगवान के अभिषेक के लिए तडक़े सुबह से ही भक्तों की लाइन मंदिर परिसर में लगना शुरू हो गई थी। महंत नारायण गिरि महाराज ने इस अवसर पर कहा कि सावन मास का सनातन धर्म में बहुत अधिक महत्व है। यह मास भगवान शिव को सबसे अधिक प्रिय है। महंत नारायण गिरी महाराज ने बताया कि इस बार सावन मास की शुरूआत गुरूवार से हुई है। यानि भगवान शिव के साथ भगवान श्री हरि विष्णु की भी कृपा भक्तों को मिलेगी। आज सावन के पहले दिन आयुष्मान योग, सौभाग्य योग और श्रवण नक्षत्र का दुर्लभ शुभ संयोग भी बन रहा है। आयुष्मान योग में की गई पूजा से लंबी आयु और आरोग्यता मिलती है। सौभाग्य योग जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लाता है।