गाजियाबाद (युग करवट)। शहर को स्वच्छ, सुंदर व आधुनिक स्वरूप देने के लिए नगर निगम ने सौंदर्यीकरण अभियान को तेज कर दिया है। महापौर सुनीता दयाल स्वयं इस अभियान की कमान संभाल रही हैं और लगातार शहर के विभिन्न स्थानों का निरीक्षण व अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठकें कर रही हैं। महापौर सुनीता दयाल ने नगर निगम अधिकारियों के साथ वार्ता करते शहर में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली और पूर्व में जारी निविदाओं की स्थिति की समीक्षा की। शहर के सभी चौराहों के सौंदर्यीकरण के काम जल्द शुरू कर दिया जाएगा। नगर निगम ने ऐसे चौराहों को चिन्हित किया है जहंा पर पानी के फव्वारे बंद है और चौराहे के आस पास सफाई से लेकर लाईटों को ठीक करने का कार्य जल्द शुरू होगा। महापौर ने कहा कि गाजियाबाद को स्वच्छ, सुंदर और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध शहर बनाने के लिए नगर निगम की टीम पूरी गंभीरता और इच्छाशक्ति से कार्य कर रही है। महापौर ने कहा कि शहर में लगे सुंदर स्टैच्यू और भव्य गेट न केवल दृश्य सौंदर्य बढ़ाएंगे। बल्कि यह स्थानीय लोगों और बच्चों के लिए प्रेरणादायक भी होंगे। शहर का हर नागरिक एक स्वच्छ, हरा-भरा व आधुनिक गाजियाबाद देखना चाहता है और नगर निगम इसी लक्ष्य की दिशा में लगातार काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद के सौंदर्यीकरण मॉडल से अन्य शहर भी प्रेरणा लेंगे। शहर को अधिक सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रमुख स्थानों की पहचान की जा रही है। जहां जाम की समस्या कम करने हेतु आवश्यक कट बनाए जाएंगे और साथ ही उस क्षेत्र की सुंदरता पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। सडक़ किनारे फूलों, पौधों और लैंडस्केपिंग के माध्यम से शहर को पर्यावरणीय रूप से भी मजबूत करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिससे गाजियाबाद न सिर्फ एनसीआर बल्कि पूरे प्रदेश में अपनी नई पहचान स्थापित करेगा।