गाजियाबाद (युग करवट)। वैशाली सेक्टर पांच के राघव कुंज स्थित मकान में बुधवार दोपहर आग लग गई। हादसा सिलिंडर लीकेज की वजह से हुआ। मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया। पुलिस ने हादसे में झुलसे एक ही परिवार के पांच लोगों को अस्पताल भिजवाया। इस दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस टीम ने मौके आसपास के फ्लैटों को खाली कराया और लोगों को दूर भेजकर सुरक्षित किया। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि प्लॉट संख्या 390 के जी-एक बृह्मपुत्र लेन में हादसा होने की सूचना मिली थी। यहां स्थित किरण सिंह के फ्लैट में मगनू परिवार के साथ रहते हैं। साथ ही क्षेत्र में ही चाय की दुकान संचालित कर परिवार का लालन-पालन करते हैं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि कमरे में सिलिंडर लीक की वजह से ग्राउंड फ्लोर पर एलपीजी गैस फैल गई थी। उस दौरान ही किसी व्यक्ति ने माचिस जला दी। इससे अचानक आग लग गई और आग का गुबार बन गया। इस वजह से परिवार के पांच लोग झुलस गए। इनमें चाय विक्रेता 55 वर्षीय मगनू चौपाल, उनकी पत्नी 50 वर्षीय मंजू देवी, बेटी आठ वर्षीय माही, व चार वर्षीय अन्नु और पांच वर्षीय अनुराग झुलस गए। सीएफओ ने बताया सभी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है