गाजियाबाद (युग करवट)। मुरादनगर थाने के एसओ अंकित कुमार की टीम ने १० दिन पूर्व अगवा की गई दो साल की अबोध बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया। मासूम का अपहरण करने वाली महिला को भी गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। एसीपी मसूरी एएसपी लिपि नगायच ने बताया कि १८ मार्च को वादिया ने मुरादनगर थाने में तहरीर देते हुए बताया था कि किसी ने उसकी दो साल की पुत्री को अगवा कर लिया है। सूचना के मिलते ही एसओ अंकित चौहान ने न केवल तत्काल अपहरण की रिपोर्ट दर्ज करा दी वहीं बच्ची की बरामदगी के प्रयास करने शुरू कर दिये। सुश्री नगायच ने बताया कि एसओ की टीम ने अबोध बच्ची को उस समय सकुशल बरामद कर लिया जब अपहरणकर्ता महिला उस मासूम को बेचने के लिये लखनऊ ले जाने की तैयारी कर रही थी। सुश्री नगायच ने बताया कि पुलिस की गिरफ्त में आई महिला अभियुक्ता का नाम हसीना उर्फ बुचनिया पत्नी स्व. शेरू निवासी जगतपुरी बाल्मीकि बस्ती झुग्गी झोपड़ी मोदीनगर है। पूछताछ में अपहरण करने वाली महिला हसीना ने बताया कि उसने बच्ची को उस समय अगवा किया था जब वो अपनी बहन के साथ अंबेडकर पार्क के पास खेल रही थी। अपहरण करके वह उसे मेरठ ले गई। ग्राहक मिलने तक वह बच्ची को गोद में लेकर भीख मांगने लगी। अब वह उसे लखनऊ लेकर जा रही थी।