गाजियाबाद (युग करवट)। गाजियाबाद भ्रमण पर आए प्रभारी मंत्री ने उद्यमियों व श्रमिक संगठनों के साथ बैठक की। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने चार नए श्रम कानून को लेकर कहा कि सरकार की मंशा उद्यमी और श्रमिक दोनों का हित करने की है। इस दौरान ऑल इंडिया मैैन्यूफैक्चरिंग ऑर्गोनाइजेशन के चेयरमैन उपेन्द्र गोयल ने प्रभारी मंत्री के समक्ष प्रदूषण बोर्ड की कार्रवाई का मामला रखा। उपेन्द्र गोयल ने कहा कि प्रदूषण बोर्ड के निर्देशों का पालन न करने पर उद्योगों के बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जा रही है। एक ओर जहां खाड़ी देशो में वॉर चल रही हैं वहीं दूसरी ओर प्रदूषण नियमों के चलते उद्योगों की कार्रवाई उन्हें बंदी की कगार पर लेकर जा रही है। ऐसे में तीस अप्रैल तक इन नियमों में ढील दी जाए, जिनके कनेक्शन काटे गए हैं उन्हें बहाल किया जाए। उद्यमी संजीव सचदेवा ने भी प्रभारी मंत्री के समक्ष पीएनजी गैस की सप्लाई में कटौती और स्मार्ट मीटर को लेकर मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि वॉर के कारण की गई गैस कटौती से पहले ही बड़े पैमाने पर उद्योग बंद हो गए हैं। उस पर स्मार्ट मीटर को बिना पूर्व किसी ठीक से जानकारी दिए लगाया गया और अब बिजली काटी जा रही है। बिल जमा करने के बाद भी अपडेट नहीं हो रहा है जिससे कनेक्शन चालू नहीं हो पा रहे हैं। ऐसे में उद्योग चलाना मुश्किल हो गया है। उद्यमियों को प्रभारी मंत्री आश्वासन दिया है कि इन सभी मुद्दों पर काम किया जा रहा है। जल्द ही स्थितियों में सुधार होगा। इस मौके पर विधायक धर्मेश तोमर, पूर्व राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल, डीएम रविन्द्र कुमार मादंड़, सीडीओ अभिनव गोपाल, उद्यमी संजीव सचदेवा, उपेन्द्र गोयल, सुशील अरोड़ा, संजीव गुप्ता, अतुल जैन आदि मौजूद रहे।
पुलिस कार्रवाई की प्रभारी मंत्री ने की सराहना
गाजियाबाद (युग करवट)। जिले में जासूसी का एक बड़ा नेटवर्क पकडऩे और देश विरोधी गतिविधियों में शामिल आरोपियों को पकडऩे पर प्रभारी मंत्री असीम अरूण ने गाजियाबाद पुलिस की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिस तरह से गाजियाबाद पुलिस ने एक ऐसे गैंग को पकड़ा है जो देश विरोधी कार्य में संलिप्त है और लगातार कार्रवाई की जा रही है। यह हमारी सरकार की सफलता है, गाजियाबाद पुलिस की सफलता है, जिसकी वजह से जासूसी के एक बड़े गैंग को पकड़ा जा सका है।