पकड़ी गई महिला ने खुद को बताया मुंबई पुलिस की मुखबिर
गाजियाबाद (युग करवट)। राष्टï्र विरोधी गतिविधियों में लिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी का सिलसिला लगातार जारी है। रविवार को कौशांबी थाना पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की। इनमें एक महिला और एक नाबालिग भी शामिल है। जिस महिला को पकड़ा गया है उसने खुद को मुबई पुलिस का मुखबिर बताया था। यह महिला भी पाकिस्तानी सरदार उर्फ सरफराज के व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ी हुई थी। पकड़े गए आरोनियों के पास से भारत विरोधी गतिविधियों के संचालन में प्रयुक्त होने वाले तीन मोबाइल व आपत्तिजनक डेटा भी बरामद हुआ।
एडिशनल सीपी कानून व्यवस्था एवं यातायात राज करण नैय्यर ने बताया कि रिमांड़ पर लिये गये सुहेल व उसके साथियों से हुई पूछताछ एवं इन पुट के आधार पर पुलिस ने इस स्लीपर सेल के जिन तीन सक्रिया सदस्यों को गिरफ्तार किया है उनमें एक बाल अपचारी के अलावा नौशाद अली उर्फ लालू निवासी हरचंदा काटी मुजफ्फरपुर बिहार हाल नचोली तिगांव फरीदाबाद हरियाणा व मीरा निवासी औरंगाबाद सदर बाजार मथूरा शामिल हैं। सुहेल द्वारा संचालित नेटवर्क से जुड़े एक दर्जन से अधिक अभियुक्त अभी तक गिरफ्त में आ चुके हैं। इनमें दो महिलाऐं व छह बाल अपचारी भी शामिल हैं। अभी तक की पूछताछ में जो बात सामने आई है उससे पता चला है कि यह संगठन विदेशी ताकतों के इशारे ऐसे नाबालिगों को अपने नेटवर्क से जोड़ रहा था जो आर्थिक रूप से कमजोर होने के साथ साथ लालची अथवा महत्वाकांक्षी हों। साथ ही उन्हें तकनीकि ज्ञान जैसे मोबाइल, कंप्यूटर व सीसीटीवी जैसे उपकरणों के ऑपरेशन की अच्छी जानकारी हो। सोशल मीडिया ग्रुप एवं प्लेटफॉर्म का उपयोग करके ऐसे अपराधिक प्रवृत्ति वाले युवकों को जोडऩा जिनका कोई अपराधिक इतिहास ना हो। इसके अलावा यह नेटवर्क रक्षा जैसे महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की रैकी भी अपने इन्ही सदस्यों से कराकर भारत की रक्षा संबंधी गोपनिय जानकारी भी प्राप्त कर रहा था।