दो दिन से मां की लाश के साथ रह रहा था बेटा, वारदात के पीछे तंत्र-मंत्र का भी शक
गाजियाबाद (युग करवट)। कविनगर थाना क्षेत्र के महागुनपुरम सोसायटी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। इस वारदात के उजागर होने पर पुलिस को पता चला कि विनायक टॉवर में रहने वाले जिस 42 वर्षीय राजवीर चावला ने 13वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या की है उसकी वृद्घ मां सतनाम कौर की फूली हुई लाश फ्लैट के अंदर पड़ी हुई है। मौके पर पहुंची कविनगर पुलिस ने जब शव व फ्लैट का निरीक्षण किया तो पाया कि जहां वृद्घा केी नाक पर खून निकलकर जम चुका था वहीं फ्लैट के दरवाजे भी खुले हुए थे। घर के अंदर कोई ऐसा साक्ष्य तो दिखाई नहीं दिया कि जो किसी संघर्ष अथवा किसी तांत्रिक क्रिया की और इशारा करता हो लेकिन वहां पर सिगरेट के ठूंठ की भारी खेप मिली। पुलिस के मुताबिक प्राथमिक जांच में जो बात सामने आई है कि उससे पता चला है कि वृद्घा सतनाम कौर दो दिन पहले तक जिन्दा थी। पुलिस को यह बात मृतक राजवीर के दोस्त ने बताई। दोस्त ने बताया कि जब वह दो दिन पहले आया तो तो आंटी मिली थी। लेकिन जब वह उसके अगले दिन आया तो राजवीर ने उसे यह कहकर घर में नहीं घुसने दिया कि उसकी मां सो रही है। एसएचओ कविनगर अनुराग शर्मा के अनुसार पुलिस ने घटनास्थल की फोरेंसिक जांच कराकर जांच शुरू कर दी है। सतनाम कौर की हत्या हुई तो किसने की और क्यों की और राजवीर की आत्महत्या के पीछे की वजह क्या है, जब इन सवालों का उत्तर जानने के लिये एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य से पूछा गया तो उनका कहना था कि अभी कुछ कहना तो जल्दी होगी लेकिन हां इतना जरूर है कि पुलिस इस वारदात की गुत्थी सुलझाने के लिये तंत्र-मंत्र से लेकर विभिन्न कारणों जैसे उपजे डिप्रैशन आदि सभी पहलूओं को दृष्टिïगत रखकर जांच कर रही है। राजवीर की पत्नी बेटे के साथ क्रॉसिंग रिपब्लिक में रहती है। यह भी पता चला है कि राजवीर ज्योतिषी का काम भी करता था। श्री मौर्य ने बताया कि वृद्घा सतनाम कौर की हत्या किस प्रकार से की गई इस सवाल का उत्तर तो उनकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने पर ही मिल पायेगा।