गजियाबाद (युग करवट)। देश की राजनीति में पांच दशकों से प्रथम पंक्ति में रहने वाले लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य रहे केसी त्यागी एक बार फिर अब उसी लोकदल में जा रहे हैं जहां से उनकी राजनीति की शुरूआत हुई थी। दरअसल, पूर्व प्रधानमंत्री और लोकदल के संस्थापक चौ. चरण सिंह से केसी त्यागी का लगाव हमेशा रहा। केसी त्यागी किसी दल में रहे हों लेकिन हमेशा चौ. चरण सिंह को लेकर उनकी सोच बिल्कुल आईने की तरह साफ थी। चौ. चरण सिंह भी केसी त्यागी को बहुत मानते थे। हापुड़ में एक कार्यक्रम के दौरान चौ. चरण सिंह ने वहां मौजूद मुलायम सिंह यादव, शरद यादव और केसी त्यागी के बारे में कहा था कि ये मेरे तीनों पुत्र हैं लेकिन इन पुत्रों में सबसे अच्छा और लाडला पुत्र केसी त्यागी है। राजनीति का दौर बदलता रहा लेकिन केसी त्यागी की आस्था चौ. चरण सिंह के प्रति कम नहीं हुई। अब सूत्र बता रहे हैं कि 22 मार्च को वो रालोद में शामिल होने जा रहे हैं। दरअसल, इसकी नीव 11 जनवरी को ही रख दी गई थी 10 जनवरी को जनता दल यू से केसी त्यागी को हटा दिया गया था। 11 जनवरी को केसी त्यागी की पुस्तक ‘संकट की खेती’ का लोकार्पण समारोह दिल्ली में रखा गया था। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और विशिष्टï अतिथि एवं अध्यक्ष के रूप में केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी को आमंत्रित किया गया था। राजनाथ सिंह कार्यक्रम में नहीं आये थे लेकिन जयंत चौधरी कार्यक्रम में पहुंचे और पुस्तक का लोकार्पण किया तथा अपने संबोधन में केसी त्यागी के लंबे जीवन की प्रशंसा की। उन्होंने मंच से कहा था कि वो केसी त्यागी जी को मनाने भी आये हैं, तब से ये लगने लगा था कि केसी त्यागी रालोद में जा सकते हैं हालांकि केसी त्यागी के पास एक नहीं कई बड़े दलों से ऑफर आये हैं। जाहिर है कि केसी त्यागी एक बड़ा नाम है। ऑफर आना स्वाभाविक है लेकिन चौ. चरण सिंह के प्रति आस्था के चलते वे बड़े चौधरी साहब के पोते के साथ जाना ज्यादा पसंद करेंगे ऐसा लग रहा है।