सीएम का विदेशी दौरा
सबसे लग्जरी और वीआईपी क्लास में शामिल एयरलाइनर से गये महाराज
लखनऊ (युग करवट)। उत्तर प्रदेश में निवेश को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने कुछ मंत्रियों और सीनियर अफसरों के साथ सिंगापुर और जापान के दौरे पर गये हैं। कई दिवसीय दौरे पर एक लाख करोड़ के निवेश का दावा किया जा रहा है। ये कब होगा ये तो अभी पता नहीं है लेकिन कई एमओयू साइन हो चुके हैं। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विदेशी दौरे को लेकर विपक्षी नेताओं ने तरह-तरह की बातें की हैं। सपा मुखिया अखिलेश यादव का कहना है कि महाराज अपने बर्तन भी क्या साथ ले गये हैं। वहीं उनके लग्जरी विमान को लेकर भी खूब चर्चाएं हो रही है। सोशल मीडिया पर कहा जा रहा है कि दोनों देश ज्यादा दूर नहीं थे और इसके लिए लग्जरी विमान की क्या आवश्यकता थी।
बताते हैं कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जिस विमान से गये हैं वो बहुत ही वीवीआईपी है उसकी बहुत विशेषताएं हैं और वो लग्जरी जैट है। उसका एक घंटे का किराया 26 लाख रुपए के आसपास है। सवाल उठता है कि आखिर मुख्यमंत्री को बाइंग 737 बीबीजे -9एचईएलएफ वीआईपी एयर लाइनर से जाने की क्या जरूरत थी। मुख्यमंत्री येागी के लिए माल्टा से एयरएक्स एयरलाइन से ये वीआईपी एयरलाइनर लिया गया। इसकी खासियत ये है कि ये लगातार 12 घंटे तक उड़ान कर सकता है। इसमें 18 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है और अंदर से इसे देखा जाए तो ये किसी महल से कम नहीं है। लग्जरी रूम और डाइनिंग हॉल बहुत ही खूबसूरत हैं। विपक्ष का कहना है कि इतने महंंगे और लग्जरी विमान में आखिरकार जाने की जरूरत क्या है। क्योंकि इस विमान का किराया यूपी सरकार की जेब पर ही पड़ रहा है जो सीधे-सीधे जनता के टैक्स से अदा होगा। बहरहाल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने कार्यकाल में दूसरी बार विदेश गये हैं और जिस तरह से वहां पर एक लाख करोड़ से अधिक के एमओयू साइन हुए हैं ये अपने आप में एक बड़ी उपलब्धी है। हालांकि ये कब अमल में आयेंगे ये तो देखने वाली बात है लेकिन फिलहाल योगी जी विदेशी यात्रा को लेकर सोशल मीडिया से लेकर विपक्षी नेताओं तक खूब चर्चा चल रही है।