नोएडा (युग करवट)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना अथारिटी को नई इलेक्ट्रिक बसों की सौगात दी है। सीएम योगी ने लखनऊ स्थित अपने आवास से बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें 45 बसें नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना अथारिटी में चलेंगी। इन बसों के चलने से जेवर एयरपोर्ट जाना-आना आसान हो जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि तीन हाईड्रोजन बसें यमुना अथारिटी को एनटीपीसी ने उपलब्ध कराया है। उन्होने कहा कि अब ग्रीन हाईड्रोजन मोबिलिटी नई धारणा बन चुकी है। एक प्रक्रिया के बाद पानी से हाईड्रोजन निकालकर इन बसों का संचालन होगा। उन्होंने कहा कि 15 जून से नोएडा में सबसे बड़ा एयरपोर्ट शुरू हो रहा है। तब तक बसों की संख्या 110 कर दी जाएगी। आने वाले समय में मांग के अनुसार इनकी संख्या बढ़ाकर 500 तक की जाएगी। सेक्टर-33ए स्थित नोएडा हाट में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सांसद डा. महेश शर्मा, सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश, जिलाधिकारी मेधा रूपम, एसीईओ वंदना त्रिपाठी, सतीश पाल, डीडीआरडब्ल्यूए अध्यक्ष एनपी सिंह, महासचिव संजीव कुमार,फोनरवा अध्यक्ष योगेन्द्र शर्मा, सांसद प्रतिनिधि संजय बाली, त्रिलोक शर्मा, विनोद शर्मा मौजूद रहें।