नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजियाबाद दौरे के दौरान जीडीए की नंदग्राम भूखण्डीय योजना के ब्रॉशर का विमोचन किया। जीडीए द्वारा करीब 14 वर्ष बाद नई भूखण्डीय योजना को विकसित किया जा रहा है। यह योजना जनपद गाजियाबाद के ग्राम नूरनगर, नंदग्राम खसरा संख्या 96 एवं 97 में विकसित की जा रही है।
इस अवसर पर सीएम योगी ने कहा कि यह योजना गाजियाबाद में सुनियोजित शहरी विकास को नई गति प्रदान करेगी तथा डिजिटल एवं पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से नागरिकों का विश्वास सुदृढ़ करेगी। इस योजना में भूखण्डों का आकार 60 वर्ग मीटर से 221 वर्ग मीटर तक हैं जिसमें 78 हजार प्रति वर्ग मीटर के अनुसार दरें रखी गई हैं। जीडीए भूखण्डों का आवंटन लॉटरी के माध्यम से करेगा। आवंटन पत्र प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट से डिजिटल रूप में उपलब्ध कराया जाएगा। इस योजना में आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से किए जाएंगे। आवेदक जीडीए की आधिकारिक वेबसाइट से आवेदन कर सकेंगे। पंजीकरण धनराशि भूखण्ड मूल्य का दस फीसदी, आरक्षित वर्ग के लिए पांच फीसदी होगी। बाकी धनराशि आठ त्रैमासिक किस्तों में दस फीसदी वार्षिक ब्याज के साथ देनी होगी। पूर्व भुगतान एवं रजिस्ट्री के बाद 36 माह में कब्जा प्रदान किया जाएगा।
इस योजना में 25 फरवरी से ऑनलाइन आवेदन शुरू हो जाएंगे। जो 15 मार्च तक होंगे। 25 मार्च को ई-लॉटरी निकाली जाएगी। इस योजना में टाइप-ए के 18, टाइप बी के आठ, टाइप सी के 28 और टाइप डी के 23 भूखण्ड हैं। टाइप ए के भूखण्ड 121 से 222 वर्ग मीटर, टाइप बी के 91 से 120 वर्ग मीटर, टाइप सी के 61 से 90 वर्ग मीटर और टाइप डी के 60 वर्ग मीटर के भूखण्ड हैं। जीडीए वीसी नंदकिशोर कलाल ने बताया कि होली के अवसर पर आंवटियों को नंदग्राम आवासीय योजना का तोहफा मिल रहा है। विमोचन के अवसर पर पुलिस आयुक्त जे.रविन्द्र गौड़, एडिशनल सीपी, डीएम रविन्द्र कुमार मंदाड़, नगरायुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक, जीडीए वीसी नंदकिशोर कलाल मौजूद रहे।