गाजियाबाद (युग करवट)। वेव सिटी थाना क्षेत्र के गांव महरौली में रहने वाली २३ वर्षीय युवती करिश्मा वर्मा पुत्री पवन वर्मा की पुत्री ने प्रेमी के द्वारा दिये गये धोखे और आर्थिक, मानसिक और शारारिक शोषण से दुखी होकर जहर खाकर मौत को गले लगा लिया। युवती की मौत होने का पता चलते ही परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर अस्पताल पर हंगामा किया। परिजनों की मांग थी कि आरोपित युवक के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करके राहुल जैन निवासी दिल्ली को तुरंत गिरफ्तार किया जाये। मृतका के पिता पवन सोनी ने बताया कि उनकी पुत्री करिश्मा सोनी की सहेली ने उसे दिल्ली निवासी राहुल जैन से मिलवाया था। राहुल जैन ने उसकी पुत्री को शादी का झांसा देकर २५ लाख रुपये हड़प लिये। कुछ समय पहले जब उन्हें यह पता चला कि राहुल जैन शादीशुदा है और दो बच्चों का बाप भी है, तो उनके पैरों तले से जमीन खिसक गई। जबकि उनकी पुत्री पूरी तरह से डिप्रेशन में चली गई। इस घटना के संदर्भ में एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करके अग्रिम कार्रवाई की जायेगी।